
प्रयागराज में राहुल गांधी के छात्र कार्यक्रम में शामिल हुई बांदा कांग्रेस
बांदा। जिला कांग्रेस कमेटी बांदा के अध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल प्रयागराज स्थित केपी इंटर कॉलेज में आयोजित नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में शामिल हुआ।
प्रयागराज से लौटने के बाद जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में छात्र इस कार्यक्रम में पहुंचे थे। राहुल गांधी के आगमन पर आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया।
शिक्षा व्यवस्था और छात्र आंदोलनों पर राहुल गांधी का बयान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्र देश की धरोहर हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया, लेकिन सरकार के इशारे पर लाठीचार्ज और पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई छात्र घायल हुए।
सरकार पर सवाल और जवाबदेही की मांग
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार सरकार से इस मुद्दे पर सदन में जवाब देने की मांग कर रही है, लेकिन गृहमंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाओं के पीछे सरकार की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है।
छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा से छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव में छात्र ही भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में ये नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा खान, एआईसीसी सदस्य रमेश चंद कोरी, पीसीसी सदस्य साकेत बिहारी मिश्रा, कांग्रेस उपाध्यक्ष सूरज बाजपेई, कंट्रोल रूम प्रभारी बी लाल भाई, सोशल मीडिया अध्यक्ष संतोष द्विवेदी, आरिफ निजामी, युवा नेता सादाब खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।