चित्रकूट में सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। राहत सामग्री बांटी और क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 1.20 लाख रुपये के चेक वितरित किए।
Article Body
चित्रकूट पहुंचे CM योगी , बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री, दिए 1.20 लाख के चेक
चित्रकूट में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे सीएम योगी, राहत सामग्री बांटी, मकान ढहने पर दिए 1.20 लाख के चेक
मंदाकिनी की बाढ़ से प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण, पीड़ित परिवारों से मिले मुख्यमंत्री; बोले- सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है
चित्रकूट। मंदाकिनी नदी की बाढ़ से प्रभावित चित्रकूट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को पहुंचे। एक दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद रामायण मेला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और राहत सामग्री व राशन किट वितरित की।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए मकानों के प्रभावित परिवारों को 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। इसके अलावा लाभार्थियों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र भी दिए गए।
हर वर्ग के प्रभावित लोगों को मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी मजबूती के साथ बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को परेशान होने की जरूरत नहीं है। किसान, व्यापारी और सामान्य वर्ग समेत सभी प्रभावित लोगों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सीएम ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मुकेश, लल्लू और चुन्नीलाल को दिए 1.20 लाख के चेक
रामायण मेला में आयोजित राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंच से तीन बाढ़ प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की। मुकेश, लल्लू और चुन्नीलाल को पूर्ण रूप से मकान क्षतिग्रस्त होने पर 1.20-1.20 लाख रुपये के चेक सौंपे गए।
वहीं राम सूरज और सूरज कली को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
राहत मिलने से पीड़ित परिवारों में दिखी खुशी
मुख्यमंत्री के हाथों तत्काल सहायता मिलने के बाद बाढ़ प्रभावित परिवारों ने राहत की सांस ली। सीतापुर मलकाना क्षेत्र की रानी और मंजू ने बताया कि बाढ़ में उनका घर डूब गया था और गृहस्थी का सामान बर्बाद हो गया। मुख्यमंत्री की ओर से राशन किट मिलने के साथ उन्हें नए मकान के लिए मदद का भरोसा मिला है।
कटरा गूजर गांव की आशा ने बताया कि बाढ़ में उनका दो मंजिला मकान प्रभावित हुआ। उनके मुताबिक प्रशासन की ओर से बाढ़ के शुरुआती दौर से ही खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही थी।
बाढ़ पीड़ित ज्ञान सिंह ने बताया कि उनका कच्चा मकान बाढ़ में ढह गया। उन्हें राशन किट के साथ मकान निर्माण के लिए सहायता का आश्वासन मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वयं प्रभावित लोगों के बीच पहुंचने को लेकर आभार जताया।
प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक, पुनर्वास में तेजी के निर्देश
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता तेजी से पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने पुनर्वास कार्यों में तेजी, क्षतिग्रस्त मकानों के मामलों में सहायता और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने को प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
Anil Tiwari is a Senior Journalist with extensive experience in print, digital, and television journalism. He has covered a wide range of subjects, including governance, public policy, politics, rural development, environment, illegal mining, law and order, and social issues. His work is driven by factual reporting, investigative journalism, and in-depth analysis, with a strong commitment to public interest and ethical journalism. Over the years, he has consistently highlighted grassroots issues, giving voice to underserved communities through credible and impactful reporting.
Comments