Article Body
विद्यालय परिवहन यानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक संपन्न
चालकों को वैध लाइसेंस, सीट बेल्ट और नशामुक्त वाहन संचालन के निर्देश
बांदा। श्रीनाथ बिहार स्थित भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी में विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा नामित ब्लॉक स्तरीय नोडल अधिकारी एवं पीएम राजकीय इंटर कॉलेज, बांदा के प्रवक्ता घनश्याम गुप्ता मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कविता वर्मा के साथ वाहन प्रभारी, चालक एवं परिचालकों ने बैठक में भाग लिया।
बैठक में छात्र-छात्राओं की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यालय वाहनों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बिना सीट बेल्ट तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के किसी भी चालक को बस या वैन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं की मोटरसाइकिल एवं स्कूटी के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को समय-समय पर यातायात नियमों एवं परिवहन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
चालकों को वाहन संचालन के दौरान नशा, गुटखा अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन न करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्यालय परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित, अनुशासित एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर ट्रांसपोर्ट मैनेजर नसीर अहमद, ट्रांसपोर्ट सहयोगी मनीष कुशवाहा, चालक समीर, लखनलाल, नरेंद्र सिंह, रामसजीवन, रामस्वरूप, राकेश, वीरेंद्र सिंह, संजय यादव, अखिलेश अवस्थी, आनंद तिवारी, मनोज यादव तथा परिचालक भालूवा, देवीदीन, अंकित, सुनीता देवी, पूजा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Comments