Article Body
भारी बारिश से रानीपुर के मजरा राछा का कच्चा मार्ग बदहाल, ग्रामीणों ने बीडीओ से लगाई गुहार
तीन-चार बार सूचना देने के बावजूद नहीं हुई मरम्मत, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को आवागमन में हो रही परेशानी
बांदा। विकासखंड बिसंडा की ग्राम पंचायत रानीपुर के मजरा राजस्व ग्राम राछा में भारी बारिश के चलते कच्चा मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीण रंजीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश के कारण गांव का कच्चा मार्ग पूरी तरह खराब हो चुका है। इस समस्या से ग्राम प्रधान उग्रसेन राजपूत को पत्रकार उमेश यादव के माध्यम से अवगत कराया गया था। इसके अलावा ग्राम पंचायत सचिव हर्ष कुमार और खंड विकास अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह को भी तीन-चार बार फोन के माध्यम से समस्या की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत सचिव ने मौके पर पहुंचकर मार्ग का निरीक्षण करने और समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक न तो निरीक्षण किया गया और न ही मार्ग की मरम्मत कराई गई। जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते ग्रामीणों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल मौके पर भेजकर क्षतिग्रस्त मार्ग का निरीक्षण कराया जाए। साथ ही आवश्यकतानुसार मिट्टी डलवाकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
इस दौरान रंजीत कुमार श्रीवास्तव, मतगंजन, प्रमोद यादव, मलखान वर्मा, अरविंद यादव (समाजसेवी), महेश सिंह, सुखराज प्रजापति, नवल किशोर सविता, नंदकिशोर सविता, रामकरण खेंगर, रोहित गुप्ता, सुकुरवा प्रजापति, मनमोहन खेंगर, रामदयाल प्रजापति सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Comments