Article Body
बांदा: जनपद के जसपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरी कला गांव में ओवरलोड बालू से भरे ट्रकों की आवाजाही ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव के अंदर से दिन-रात तेज रफ्तार में गुजरते भारी वाहन न केवल दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, बल्कि आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बालू लदे ओवरलोड ट्रक बस्ती के बीच से बेधड़क गुजरते हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासी विनय तिवारी, पंकज द्विवेदी और दुलीचंद सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि इन ट्रकों की वजह से सड़क पर धूल का गुबार छाया रहता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को भारी परेशानी होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार भारी वाहनों के दबाव से गांव की सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। तेज रफ्तार ट्रकों के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें हाल ही में दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
गांववासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बस्ती के अंदर से ओवरलोड ट्रकों के आवागमन पर तत्काल रोक लगाई जाए और इनके लिए वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में बड़े हादसों को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Comments