नाले निर्माण में घटिया सामग्री का आरोप, शंकर बाजार में ग्रामीणों का विरोध
बांदा - नरैनी विकास खंड अंतर्गत शंकर बाजार क्षेत्र में चल रहे नाले निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री और डस्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, नाले के निर्माण में मानक के अनुरूप मटेरियल का उपयोग नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में कुछ ग्रामीणों ने मौके पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें कथित रूप से घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग के संकेत मिलते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण इसी प्रकार जारी रहा तो नाला जल्द ही क्षतिग्रस्त हो सकता है और क्षेत्र में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते ठेकेदार मनमाने तरीके से कार्य कर रहा है। इससे न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि विकास कार्यों की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है।
मामले में जब संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो सकी। ऐसे में प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या विकास कार्यों में इसी तरह घटिया सामग्री का उपयोग कर सरकारी धन का बंदरबांट जारी रहेगा या फिर जिला प्रशासन इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई करेगा। फिलहाल ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।