बांदा मिनी ओलंपिक का भव्य समापन, कबड्डी में जेएन योद्धा चैंपियन; खिलाड़ियों को मिला सम्मान
इंडोर हाल में गूंजा जीत का जश्न, डीएम अमित आसेरी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने की अपील की

बांदा। खेलों के रोमांच, खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की तालियों के बीच बांदा मिनी ओलंपिक के प्रथम चरण का भव्य समापन स्पोर्ट्स स्टेडियम बांदा के इंडोर हाल में हुआ। समापन समारोह में विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ियों को जिलाधिकारी अमित आसेरी ने मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
डीएम ने कहा—नशे से दूर रहें युवा, खेलों से जोड़ें जीवन
समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अमित आसेरी ने युवाओं से नशे और अन्य दुर्व्यसनों से दूर रहने तथा खेलों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर कराए जाएंगे। जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, आयोजकों और सहयोगियों को बधाई दी।
कबड्डी फाइनल में जेएन योद्धा ने जीता खिताब
बांदा मिनी ओलंपिक के समापन समारोह का सबसे रोमांचक मुकाबला कबड्डी के फाइनल में देखने को मिला। जेएन योद्धा और जेएन कॉलेज के बीच खेले गए मुकाबले में जेएन योद्धा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जेएन कॉलेज को 40-26 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
वहीं, महिला और पुरुष वर्ग की रस्साकसी प्रतियोगिता भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। खिलाड़ियों के दमखम और जोरदार संघर्ष के बीच इंडोर हाल तालियों से गूंजता रहा।
शुभंकर पांडा और भालू दादा ने लूटी महफिल
समारोह के दौरान बांदा मिनी ओलंपिक के शुभंकर पांडा ने अपने साथी भालू दादा के साथ इंडोर हाल में प्रवेश किया। शुभंकरों को देखकर दर्शकों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत किया गया।
वालीबाल विजेता बांदा स्टेडियम टीम सम्मानित
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आदर्श राय के नेतृत्व में सीनियर पुरुष वर्ग की विजेता बांदा स्टेडियम वालीबाल टीम के खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
बैडमिंटन में अजफर और गौरी ने जीते स्वर्ण
बैडमिंटन पुरुष ओपन एकल वर्ग में अजफर ने स्वर्ण और अर्श सईद ने रजत पदक हासिल किया। महिला ओपन एकल वर्ग में गौरी को स्वर्ण तथा मांडवी को रजत पदक मिला।
अंडर-15 बालिका एकल वर्ग में अपूर्वा ने स्वर्ण और गरिमा ने रजत पदक जीता।
ताइक्वांडो और शतरंज में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
ताइक्वांडो अंडर-21 वर्ग में श्रेयांस ने स्वर्ण, कबीर ने रजत और आरएस अथान ने कांस्य पदक हासिल किया। श्रेयांस का नाम पुकारे जाने पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
शतरंज प्रतियोगिता में शुभ सोनी को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। टेबल टेनिस जूनियर बालिका एकल वर्ग में वैभवी ने स्वर्ण तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बड़ोखर खुर्द की रागनी ने रजत पदक हासिल किया।
शूटिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
शूटिंग प्रतियोगिता में आरव, यशवंत द्विवेदी, श्रेया, नंदिनी, स्मृति और सुमित को स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। ओपन पुरुष कैटेगरी में डिप्टी लेबर कमिश्नर नासिर खान को भी स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों और सहयोगियों का सम्मान
समारोह में उपक्रीड़ा अधिकारी कल्पना कमल, जिला ओलंपिक एसोसिएशन बांदा के अध्यक्ष रामेंद्र शर्मा, आयोजन सचिव एवं जिला ओलंपिक एसोसिएशन बांदा के महासचिव डा. इन्द्रवीर सिंह, सुनील सक्सेना, जिला वालीबाल एसोसिएशन के सचिव शिवकुमार गुप्ता, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव काजी जमीर, जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव कमल यादव सहित आयोजन से जुड़े अन्य पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट दिनेश चन्द्र तथा डिप्टी कलेक्टर एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी अंकित वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन डा. इन्द्रवीर सिंह और महेश साहिल ने किया। प्रतियोगिता के समापन के साथ खिलाड़ियों में आगामी प्रतियोगिताओं को लेकर उत्साह दिखाई दिया। आयोजन ने युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ एवं नशामुक्त युवा पीढ़ी के निर्माण का संदेश भी दिया।