Article Body
लो वोल्टेज से सिंचाई ठप, आक्रोशित किसानों ने बिजली विभाग का किया घेराव
बांदा। जनपद के ग्राम गुरेह, चिली एवं आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बनी लो वोल्टेज की समस्या अब गंभीर रूप ले चुकी है। गुरुवार को इससे परेशान किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आया, जब बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों का घेराव किया और समस्या के तत्काल समाधान की मांग की।
किसानों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार कम वोल्टेज मिलने के कारण ट्यूबवेल और सबमर्सिबल पंप सही तरीके से संचालित नहीं हो पा रहे हैं। इसका सीधा असर धान समेत अन्य खरीफ फसलों की सिंचाई पर पड़ रहा है। समय पर पानी न मिलने से फसलें सूखने की कगार पर हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभाग की लापरवाही के चलते किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
आक्रोशित किसानों ने उपखंड अधिकारी (एसडीओ) को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और उग्र करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

Comments