Article Body
बांदा/जसपुरा। जनपद बांदा के थाना जसपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमरा में एक युवक द्वारा बंदूक के साथ फोटो वायरल होने के बाद विवाद गहराता नजर आ रहा है। युवक पर ग्राम प्रधान और उनके पुत्र को गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया गया है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी छोटू पुत्र रामऔतार उर्फ जग्गू, निवासी ग्राम आमरा, ने रविवार देर रात ग्राम प्रधान अशोक कुमार विश्वकर्मा और उनके पुत्र के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि आरोपी ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। स्थिति को देखते हुए ग्राम प्रधान ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
हालांकि, शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंचने के बावजूद आरोपी के खिलाफ कोई ठोस या प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इस निष्क्रियता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बंदूक के साथ फोटो वायरल होने के बाद समय रहते पुलिस द्वारा सख्त कदम उठाए गए होते, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। आरोप है कि संबंधित युवक पहले भी गांव में लोगों के साथ गाली-गलौज करता रहा है, जिससे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि गांव में शांति व्यवस्था बहाल हो सके।

Comments