बांदा में फर्जी दस्तावेजों से जमानत कराने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार
बांदा: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चिल्ला पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे जेल में बंद आरोपियों की जमानत कराने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। थाना चिल्ला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शिवस्वरूप उर्फ मास्टर पुत्र शिवलाल, निवासी ग्राम भिडौरा थाना तिंदवारी (वर्तमान पता इन्द्रानगर, कोतवाली नगर, बांदा) को इन्द्रानगर क्षेत्र से दबोच लिया।
एक ही खतौनी से चलता था फर्जीवाड़ा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से फर्जीवाड़ा करता था। वह एक ही खतौनी का दुरुपयोग कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करता और उन्हीं के आधार पर जेल में बंद अभियुक्तों की जमानत कराता था। इस पूरे नेटवर्क से वह अवैध रूप से मोटी कमाई कर रहा था।
कई गंभीर धाराओं में दर्ज हैं मुकदमे
थाना तिंदवारी में आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज है। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसके खिलाफ मारपीट, धोखाधड़ी, कूटरचना और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले भी दर्ज हैं।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस गिरफ्तारी में थाना चिल्ला के प्रभारी निरीक्षक आनन्द कुमार साहू, कांस्टेबल सचिन कुमार, कौशल और महिला कांस्टेबल हेमलता की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।