विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर बांदा में जागरूकता अभियान, बाल तस्करी व बाल श्रम के खिलाफ सघन कार्रवाई
बांदा। विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर जनपद बांदा में मानव तस्करी, बाल तस्करी, बाल श्रम एवं बाल विवाह के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान द्वारा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC) के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस प्रशासन, रेलवे विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
अभियान के तहत रेलवे स्टेशन बांदा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां यात्रियों और आमजन को पंपलेट, पोस्टर और बैनर के माध्यम से मानव तस्करी एवं बाल शोषण से जुड़े अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
इसके साथ ही इंदिरा नगर स्थित लेबर चौक पर श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों को बाल श्रम, बाल विवाह और जबरन मजदूरी के दुष्परिणामों तथा उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
जागरूकता रैली के दौरान लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं भी मानव तस्करी, बाल तस्करी, बाल श्रम या बाल विवाह जैसी घटनाओं की आशंका हो, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाती है।
कार्यक्रम में श्रमिकों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं और श्रम कार्ड से मिलने वाले लाभों की जानकारी भी साझा की गई। लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को जागरूक और सशक्त बनाती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ें और बाल तस्करी, बाल श्रम तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि बच्चों का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।