Article Body
गंच्छा में कांग्रेस की ‘चंदा चोरों, गद्दी छोड़ो’ चौपाल, जिलाध्यक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावे की जांच रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
बांदा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के निर्देश पर मंगलवार को ग्राम पंचायत गंच्छा के कैता पुरवा में कांग्रेस की ओर से ‘चंदा चोरों, गद्दी छोड़ो’ चौपाल का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नीरज यादव ने की। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी की रिपोर्ट को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच रिपोर्ट में ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा का नाम नहीं है तो सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जांच किन तथ्यों और किन लोगों की भूमिका के आधार पर पूरी की गई।
दीक्षित ने आरोप लगाया कि सरकार जांच के नाम पर प्रभावशाली लोगों को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और वहां चढ़ावे से संबंधित किसी भी मामले की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होनी चाहिए।
उन्होंने भाजपा और केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र की रक्षा और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने ‘चंदा चोरों, गद्दी छोड़ो’ के नारे के माध्यम से सरकार के खिलाफ राजनीतिक अभियान चलाने की बात कही।
इस अवसर पर जिला महासचिव कालीचरण निगम, अमित तिवारी, जिला कंट्रोल रूम प्रभारी बी लाल भाई, कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, बब्लू यादव, ब्रजेश यादव, रामऔतार, बाबूलाल, लालबाबू राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
नोट: उपरोक्त खबर में लगाए गए आरोप कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम में व्यक्त राजनीतिक वक्तव्यों पर आधारित हैं।

Comments