58 लाख की लागत से बाईपास व नदी के पुलों पर लग रही सुरक्षा जाली
बांदा। जनसुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद में बाईपास मार्गों और नदी के पुलों पर सुरक्षा जाली लगाने का काम शुरू कराया गया है। जिलाधिकारी अमित आसेरी के दिशा-निर्देशन में बांदा विकास प्राधिकरण द्वारा करीब 58 लाख रुपये की लागत से पुलों और बाईपास के दोनों ओर किनारों पर सुरक्षा जाली लगाई जा रही है।
सुरक्षा जाली लगाने का उद्देश्य पुलों से आवागमन करने वाले राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। पुलों के किनारों पर जाली लगने से पैदल यात्रियों को भी अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित हो सकेगा।
प्रशासन के अनुसार, पुलों पर सुरक्षा जाली लगाए जाने से नदी में कूदने जैसी घटनाओं को रोकने में भी मदद मिलेगी। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से संभावित हादसों की रोकथाम में भी सहायता मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा जाली लगाने का कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने के साथ निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कराने तथा कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि जनसुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आवश्यकता के अनुसार ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।