Article Body
300 साल पुराने मंदिर का ऐतिहासिक कलश कबाड़ में बेचने का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग
जीर्णोद्धार के नाम पर प्राचीन कलश हटाकर नया कलश लगाने का दावा, शिकायतकर्ता ने बरामदगी और पुनर्स्थापना की उठाई मांग
बांदा। शहर के कैलाशपुरी मोहल्ले में स्थित करीब 300 वर्ष पुराने प्राचीन मंदिर के ऐतिहासिक कलश को हटाकर कबाड़ में बेचने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मोहल्ला निवासी कुलदीप पांडेय पुत्र दयाराम पांडेय ने कोतवाली नगर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मंदिर के जीर्णोद्धार के नाम पर मनीष गुप्ता ने प्राचीन कलश को हटवा दिया और उसकी जगह नया पीतल का कलश स्थापित करा दिया। आरोप है कि मंदिर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता से जुड़े पुराने कलश को कबाड़ में बेच दिया गया।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, इस मामले में पहले भी शिकायत की गई थी। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ किए जाने के दौरान मनीष गुप्ता ने कथित तौर पर पुराने कलश को खराब बताते हुए उसे कबाड़ में बेचने की बात स्वीकार की थी।
शिकायतकर्ता ने करीब तीन शताब्दी पुराने मंदिर के कलश को बेचे जाने को धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक धरोहर से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने पुराने कलश की बरामदगी, नियमानुसार कानूनी कार्रवाई और उसे पुनः मंदिर में स्थापित कराने की मांग उठाई है। अब पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Comments