-File Foto
10वीं की छात्रा ने सूने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम
बबेरू/बांदा। जनपद बांदा के बबेरू कस्बे में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने सूने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बबेरू कस्बे के अतर्रा रोड स्थित नेता नगर मोहल्ले के नहर पटरी निवासी पायल देवी (उम्र करीब 14 वर्ष) पुत्री धनपत ने गुरुवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते घर में अकेले होने पर दुपट्टे के सहारे पंखे से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर दूसरे रास्ते से घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए—छात्रा पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।
घटना की सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलते ही बबेरू कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता धनपत दिल्ली में मजदूरी करते हैं। पायल देवी स्थानीय जेपी शर्मा इंटर कॉलेज में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। वह दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर की थी। इस घटना से मां रूबी देवी, भाई पंकज व प्रदीप समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।