Article Body
बाढ़ पीड़ितों से मिलीं जेडीयू नेत्री शालिनी सिंह पटेल, बोलीं—‘संकट की घड़ी में आपके साथ खड़ी हूं’

बबेरू। लगातार बारिश और बाढ़ से बबेरू विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में जनजीवन प्रभावित है। ग्राम पंचायत मिलाथू, नीलाथू और बड़ागांव में बाढ़ के कारण कई परिवारों के घरों में पानी भर गया है, जबकि कुछ मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गए हैं। प्रभावित परिवारों की गृहस्थी, राशन और अनाज भी पानी में भीगने से खराब हो गया है। ऐसे हालात में ग्रामीण राहत और प्रशासनिक मदद की उम्मीद लगाए हुए हैं।
इसी क्रम में जेडीयू नेत्री शालिनी सिंह पटेल अपनी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचीं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने जलभराव वाले इलाकों का मौके पर जायजा लिया और प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी ली।
शालिनी सिंह पटेल ने बताया कि जिन परिवारों के घरों में बाढ़ का पानी भर गया है और जिनके बाहर निकलने तक के रास्ते प्रभावित हो गए हैं, उनकी समस्याओं को मौके पर सुना गया है। घर गिरने वाले परिवारों की अलग सूची तैयार कराई गई है, जबकि लेखपाल द्वारा किए गए सर्वे में छूटे परिवारों का भी सर्वे कराने की प्रक्रिया चल रही है।
बाढ़ ने उजाड़ दी वर्षों की मेहनत से बनाई गृहस्थी
बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात के दौरान कई ग्रामीण अपनी स्थिति बताते हुए भावुक नजर आए। अत्यधिक बारिश और जलभराव के चलते कई घरों को नुकसान पहुंचा है। अनेक परिवारों का राशन, अनाज और गृहस्थी का सामान पानी में भीगकर खराब हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों की मेहनत से जुटाई गृहस्थी बाढ़ के पानी ने तबाह कर दी। प्रभावित परिवार अब प्रशासन से राहत और आवश्यक सहायता मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
अधिकारियों से फोन पर की वार्ता
शालिनी सिंह पटेल ने बताया कि उन्होंने मौके से ही जिलाधिकारी, मंडलायुक्त, उपजिलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर बाढ़ की स्थिति और ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया।
उनके मुताबिक, वार्ता के बाद बड़ागांव में मजिस्ट्रेट और लेखपाल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। प्रभावित परिवारों की स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया गया है।
प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने का आश्वासन

जेडीयू नेत्री ने कहा कि जिन परिवारों के मकान गिर गए हैं, जिनके घरों में पानी भरा है तथा जिनका राशन और गृहस्थी का सामान खराब हुआ है, उन्हें आपदा राहत किट और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में बड़ागांव, मिलाथू और नीलाथू के प्रभावित परिवार अकेले नहीं हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष लगातार उठाया जाएगा और पात्र परिवारों को राहत एवं सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।
शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि वह बाढ़ पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी हैं और उनकी आवाज प्रशासन तक पहुंचाती रहेंगी।

Comments