Article Body
संस्कृत विभाग की अर्चना बनीं बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की टॉपर, मिलेंगे स्वर्ण पदक
बांदा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा जारी वरीयता सूची 2026 में अतर्रा पीजी कॉलेज, बांदा की छात्रा अर्चना देवी ने संस्कृत विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय में पहला स्थान हासिल किया है। अर्चना ने एम.ए. संस्कृत चतुर्थ सेमेस्टर में 81.61 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने महाविद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अर्चना देवी को उनकी इस उपलब्धि के लिए आगामी दीक्षांत समारोह में राज्यपाल द्वारा स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। खास बात यह है कि अर्चना चित्रकूट जिले के एक गरीब परिवार से आती हैं, जिससे उनकी यह सफलता और भी प्रेरणादायक बन जाती है।

इसी क्रम में, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की वरीयता सूची में दूसरा स्थान भी बांदा जनपद की छात्रा ने ही प्राप्त किया है। कमासिन निवासी शीलू देवी ने एम.ए. संस्कृत चतुर्थ सेमेस्टर में 80.18 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया।
दोनों छात्राएं आर्थिक रूप से साधारण परिवार से होने के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल करने में सफल रहीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को दिया है।
अर्चना और शीलू दोनों का सपना आगे चलकर नेट (NET) परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रोफेसर बनने का है, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे सकें।
इस उपलब्धि पर अतर्रा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर पी.के. विश्वकर्मा, संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रोफेसर नमिता अग्रवाल, सहायक प्रोफेसर डॉ. तरुण कुमार शर्मा एवं डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने दोनों छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Comments