अपर निदेशक चिकित्सा कार्यालय पर गंभीर आरोप, विभागीय सूचनाएं लीक कर फर्जी शिकायतें कराने का दावा
बांदा। चित्रकूट धाम मंडल के अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है। आरोप है कि कार्यालय में अटैच एक संविदा कर्मचारी के माध्यम से विभागीय गोपनीय सूचनाएं कथित तौर पर बाहरी व्यक्तियों तक पहुंचाई जाती हैं, जिनके आधार पर बिना पर्याप्त साक्ष्य के शिकायतें कराकर अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव बनाया जाता है।
आरोप लगाने वाले पक्ष का दावा है कि अपर निदेशक चिकित्सा डॉ. अभय सिंह से हुई एक टेलीफोनिक वार्ता के दौरान उन्होंने स्वयं स्वीकार किया कि प्रमोद यादव आजाद नाम का व्यक्ति शिकायतें करता है उसको लोग दलाल कहते हैं आप सभी जानते हैं । हालांकि इस कथित बातचीत की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
बाबू हेमन्त यादव अपने आपको प्रमोद यादव आजाद का दूर का रिश्तेदार बताता है उससे ही शिकायत कराने की बात आई सामने
आरोपों के अनुसार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संविदा पर कार्यरत हेमंत यादव, जिनकी मूल तैनाती मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय स्थित सीएमएसडी स्टोर में बताई जाती है, उन्हें अपर निदेशक कार्यालय से संबद्ध (अटैच) किया गया है। आरोप है कि उनसे कंप्यूटर ऑपरेटर का कार्य लिया जा रहा है तथा वे विभाग की गोपनीय सूचनाएं एवं दस्तावेज कथित रूप से बाहरी लोगों तक पहुंचाते हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इन्हीं सूचनाओं के आधार पर बिना शपथपत्र, बिना पर्याप्त साक्ष्य और बिना आवश्यक दस्तावेजों के शिकायतें कराई जाती हैं। आरोप यह भी है कि जब संबंधित अधिकारियों या कर्मचारियों को नोटिस जारी किए जाते हैं, तब शिकायत की प्रति, उपलब्ध साक्ष्य तथा जांच के बिंदु जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज संलग्न नहीं किए जाते, जिससे संबंधित व्यक्ति अपना प्रभावी पक्ष नहीं रख पाता।
आरोप लगाने वाले पक्ष ने दावा किया है कि इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों में भय का वातावरण उत्पन्न करना तथा बाद में कथित रूप से समझौते या "सेटिंग" के नाम पर धन उगाही करना होता है। आरोप है कि नोटिस जारी होने के बाद संबंधित कर्मचारियों से संपर्क कर मामले को निपटाने की पेशकश की जाती है और यहीं से कथित दलाली का खेल शुरू होता है।
इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। आरोपित पक्ष की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक लिखित प्रतिक्रिया सार्वजनिक नहीं की गई है। यदि इस मामले में अपर निदेशक चिकित्सा, हेमंत यादव अथवा अन्य संबंधित पक्ष अपना पक्ष प्रस्तुत करते हैं तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।